रायगढ़ में संत कबीर प्रकटोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, विश... - CG Sandesh

रायगढ़ में संत कबीर प्रकटोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र के कबीर चौक स्थित कबीर मंदिर में संत कबीर प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कबीर मंदिर से बाजे-गाजे और जयघोष के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के युवा, महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

शोभायात्रा कबीर चौक से प्रारंभ होकर सुभाष चौक, स्टेशन चौक, सत्तीगुड़ी चौक, घड़ी चौक, कोतवाली थाना, गौरीशंकर मंदिर, शहीद चौक और मिनी माता चौक से होते हुए पुनः कबीर चौक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालु संत कबीर के भजनों और जयघोष के साथ उनकी शिक्षाओं का संदेश देते हुए आगे बढ़े।

शोभायात्रा के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों कबीरपंथियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर विमल दास महंत ने कहा कि संत कबीर का सत्य, समरसता, मानव सेवा और सद्भाव का संदेश आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि संत कबीर ने जात-पात, ऊंच-नीच और आडंबर से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम, सत्य और विवेक का मार्ग अपनाने का संदेश दिया, जो आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक है।

वहीं, समाज की महिला प्रतिनिधि नोनी बाई महंत ने कहा कि संत कबीर ने अपना संपूर्ण जीवन समाज में व्याप्त कुरीतियों, छुआछूत, जातिवाद और आडंबर के खिलाफ जनजागरण में समर्पित किया। उनके निर्भीक विचारों और सरल वचनों ने समाज को नई दिशा दी है।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने संत कबीर के बताए आदर्शों पर चलने और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।



अन्य सम्बंधित खबरें