जांजगीर-चांपा : शराबी दूल्हे को ठुकराने वाली मुस्कान प्रधान को नई जिम्मेदारी, परिवार परामर्श केंद्र की बनीं सदस्य
जांजगीर-चांपा : नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इनकार कर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनीं जांजगीर-चांपा जिले के कोसमंदा गांव की मुस्कान प्रधान को अब नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के निर्देश पर उन्हें परिवार परामर्श केंद्र का परामर्शदात्री सदस्य नियुक्त किया गया है। बुधवार को उन्होंने जांजगीर स्थित परिवार परामर्श केंद्र पहुंचकर अपना कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बढ़ते पारिवारिक विवादों के समाधान और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क एवं प्रभावी परामर्श उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुस्कान प्रधान की नियुक्ति की गई है। वे परिवार परामर्श केंद्र के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर पारिवारिक मामलों में समझौता और समाधान की प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाएंगी।
गौरतलब है कि हाल ही में चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में मुस्कान प्रधान ने शादी के दौरान दूल्हे के नशे में होने की जानकारी मिलने पर विवाह से इनकार कर दिया था। उनके इस फैसले को आत्मसम्मान और सामाजिक जागरूकता का उदाहरण मानते हुए प्रदेशभर में सराहना मिली थी। बाद में पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने भी उन्हें सम्मानित किया था।
अब पुलिस विभाग ने उनके साहस, सामाजिक सोच और सकारात्मक संदेश को देखते हुए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र से जोड़ा है। उम्मीद जताई जा रही है कि वे अपने अनुभव और समझ के माध्यम से पारिवारिक विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।