अज्ञात वाहन की ठोकर से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बसना से घर ... - CG Sandesh

अज्ञात वाहन की ठोकर से 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बसना से घर लौटते समय हुआ हादसा

राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 फोरलेन मार्ग पर ग्राम पौसरा के पास सोमवार शाम सड़क हादसे में 52 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक बसना से अपने गृह ग्राम बरबसपुर लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को ठोकर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने उपचार के लिए रायपुर ले जाते समय सांकरा के पास दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अश्विनी कुमार साहू पिता काशीराम साहू उम्र 52 वर्ष निवासी बरबसपुर किसी कार्य से बसना आया हुआ था। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने घर बरबसपुर जा रहा था। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 53 फोरलेन मार्ग पर ग्राम पौसरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। 

वाहन की टक्कर से अश्विनी कुमार साहू सड़क पर गिर गए, जिससे उनके चेहरे और नाक में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी हालत गंभीर हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। 

बसना अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर रायपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में सांकरा के पास उनकी शारीरिक हलचल नहीं होने पर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सांकरा ले जाया गया। 

वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद अश्विनी कुमार साहू को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लेकर आए। रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शव को अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया है। 

मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है । 52 वर्षीय अश्विनी कुमार साहू के सड़क दुर्घटना में निधन की खबर मिलते ही बरबसपुर, भूकेल सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीणों ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई है।


author

सी. डी. बघेल

वरिष्ठ पत्रकार सी.डी. बघेल जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का लंबा और गौरवशाली अनुभव है। 1990 के दौर से लगातार निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता कर रहे सी.डी. बघेल जी बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को जमीनी स्तर से उठाने के लिए जाने जाते हैं। तीन दशकों से अधिक की विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए उन्होंने पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क: +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें