बसना : प्राथमिक शाला में घुसकर महिला प्रधान पाठक के गले में ... - CG Sandesh

बसना : प्राथमिक शाला में घुसकर महिला प्रधान पाठक के गले में चाकू अड़ाकर सोने के मंगल सूत्र, मोबाईल की लूट

बसना विकासखंड के नेहरू नगर बड़ेसाजापाली स्थित प्राथमिक शाला में मंगलवार लगभग 11 बजे दिनदहाड़े हुई लूट की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विद्यालय में बच्चों को पढ़ा रही प्रधान पाठक श्रीमती नान बाई चौधरी पति बीरबल चौधरी के गले में चाकू अड़ाकर एक युवक मंगलसूत्र और मोबाइल लूटकर फरार हो गया। 

वारदात के दौरान आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने से भयभीत प्रधान पाठक ने लुट के दौरान शोर नहीं मचाया। जिससे दूसरे कक्षा में पढ़ा रही उनके सहयोगी सहायक शिक्षक को आरोपी के भागने के बाद घटना की जानकारी हुई। पढ़ाई के बीच लूट की घटना के बाद विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों में भय का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना के समय प्राथमिक शाला में नियमित रूप से पढ़ाई चल रही थी। विद्यालय में करीब 25 बच्चे अध्ययनरत थे। इसी दौरान एक युवक विद्यालय परिसर में पहुंचा और सीधे प्रधान पाठक श्रीमती नान बाई चौधरी के पास जाकर उनके गले में चाकू अड़ा दिया। 

आरोपी ने धमकाते हुए उनका मंगलसूत्र निकलवा लिया और मोबाइल भी छीन लिया। बताया जा रहा है कि मंगलसूत्र करीब 20 से 25 वर्ष पुराना था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं छीना गया मोबाइल करीब 20 हजार रुपए कीमत का बताया गया है। 

आरोपी जैसे ही मंगलसूत्र लेकर कक्षा से भागने लगा, प्रधान पाठक नान बाई चौधरी ने साहस दिखाते हुए उसका विरोध किया। इस दौरान दोनों के बीच झूमाझटकी हुई। इसी दौरान चाकू की हल्की सी खरोच प्रधान पाठक के हाथ में आई। इसके बाद आरोपी दरवाजा बंद कर फरार हो गया। 

घटना के समय विद्यालय के बाजू वाले कक्ष में सहायक शिक्षिका विद्या कोसरिया बच्चों को पढ़ा रही थीं। आरोपी ने प्रधान पाठक को चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण उन्होंने तत्काल आवाज नहीं लगाई। इसी वजह से सहायक शिक्षिका को भी घटना की जानकारी आरोपी के भाग जाने के बाद हुई। लोगों का कहना है कि स्कूल से बाहर जाने के लिए तीन रास्ते हैं, लेकिन पकड़े जाने के डर से आरोपी शायद जंगल की ओर भाग निकला होगा। 

पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में जांच-पड़ताल की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 309(4)(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

विद्यालय जैसे सुरक्षित स्थान में घुसकर दिनदहाड़े इस प्रकार की वारदात होने से ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे शिक्षा के मंदिर को भी निशाना बनाने से नहीं डर रहे हैं।


author

सी. डी. बघेल

वरिष्ठ पत्रकार सी.डी. बघेल जी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 35 से अधिक वर्षों का लंबा और गौरवशाली अनुभव है। 1990 के दौर से लगातार निष्पक्ष एवं खोजी पत्रकारिता कर रहे सी.डी. बघेल जी बसना एवं पिथौरा क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों और आम जनता के हक की आवाज़ को जमीनी स्तर से उठाने के लिए जाने जाते हैं। तीन दशकों से अधिक की विश्वसनीय रिपोर्टिंग के जरिए उन्होंने पाठकों के बीच एक अटूट विश्वास कमाया है। संपर्क: +91 99770 03756
अन्य सम्बंधित खबरें