महासमुंद : खरीफ 2026 धान के बदले अन्य फसल लेने पर 15 हजार रु... - CG Sandesh

महासमुंद : खरीफ 2026 धान के बदले अन्य फसल लेने पर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता

राज्य शासन ने किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खरीफ वर्ष 2026 से फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए धान के बदले दलहन-तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती करने वाले किसानों को अब 15 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप ने बताया कि राज्य शासन द्वारा पूर्व में कृषक उन्नति योजना के तहत धान के बदले वैकल्पिक फसलें लेने वाले किसानों को 11 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जा रही थी। किसानों को अधिकाधिक फसल विविधीकरण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस राशि को बढ़ाकर 15 हजार रुपए प्रति एकड़ कर दिया गया है। 

इसके साथ ही वे किसान जो पूर्व से ही खरीफ मौसम में दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती कर रहे हैं, उन्हें एकीकृत किसान पोर्टल तथा एग्रीस्टैक पर पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे में रकबे की पुष्टि उपरांत मान्य रकबे पर 10 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इस पहल से किसानों को पारंपरिक धान खेती के विकल्प के रूप में लाभकारी फसलों की ओर आकर्षित किया जा सकेगा। इससे जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता में सुधार तथा कृषि लागत में कमी आने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।

उप संचालक कृषि कश्यप ने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक एवं एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से फसल एवं रकबे का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन उपरांत पात्र किसानों को स्वीकृत आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से अंतरित की जाएगी। किसान अपने नजदीकी सेवा सहकारी समिति अथवा संबंधित कृषि कार्यालय के माध्यम से पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें