CG : तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर खड़े युवक को मारी ऐसी टक्कर, मौके पर हो गई मौत
जांजगीर-चांपा। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। बम्निनडीह बरगड़ी रोड पर एक युवक को तेज रफ्तार बाइक ने ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी बाइक सवार की तलाश में जुटी है।
दरअसल, जांजगीर-चांपा जिले के निवासी चेक कुमार प्रधान सुबह करीब 10 बजे अपने दोस्तों मनोज कुमार धीवर और गौरीशंकर के साथ खपरीडीह में एक शादी समारोह में जाने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि शादी स्थल पहुंचने के बाद वह किसी कारणवश बरगड़ी रोड पर अपनी बाइक के पास खड़े थे। तभी तेज रफ्तार से आए एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि चेक कुमार प्रधान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में युवक अपनी बाइक की ओर पैदल जाते हुए दिखाई दे रहा है, तभी तेज रफ्तार बाइक उसे टक्कर मारती नजर आती है।
परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी में दिखाई दे रहा वही बाइक सवार हादसे का जिम्मेदार है। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और मूर्ति बनाने का काम करता था। उसके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल बम्हनीडीह पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवार की तलाश जारी है।