जांजगीर-चांपा : बरगड़ी रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
जांजगीर-चांपा : जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बरगड़ी रोड पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवार की तलाश कर रही है।
मृतक की पहचान चेक कुमार प्रधान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह बुधवार सुबह अपने दोस्तों मनोज कुमार धीवर और गौरीशंकर के साथ खपरीडीह में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। शादी स्थल पहुंचने के बाद किसी कारणवश वह बरगड़ी रोड पर अपनी बाइक के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि चेक कुमार प्रधान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में युवक अपनी बाइक की ओर पैदल जाते हुए दिखाई देता है, तभी तेज रफ्तार बाइक उसे टक्कर मार देती है।
परिजनों का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा बाइक सवार ही हादसे का जिम्मेदार है। उन्होंने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। मृतक मूर्ति निर्माण का कार्य करता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
फिलहाल बम्हनीडीह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपी बाइक सवार की तलाश जारी है।