काम की तलाश में ओडिशा से बसना आया था गणेश पुटेल, बस स्टैंड के पास ट्रक की चपेट में आया युवक, शरीर के हुए दो टुकड़े
काम की तलाश में ओडिशा से बसना आया था गणेश पुटेल,
रात में सड़क किनारे पैदल जाते समय दर्दनाक हादसे का हुआ शिकार
बसना नगर के गौरव पथ स्थित बस स्टैंड में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने बुधवार रात हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना ने पूरे नगर को स्तब्ध कर दिया। पदमपुर रोड से रायपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और सड़क पर दूर-दूर तक खून व शरीर के अंग बिखर गए। इस दर्दनाक मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बसना पुलिस द्वारा ओडिशा सहित आसपास के थानों में फोटो भेजने और सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान कराने के प्रयास के बाद मृतक की पहचान गणेश पुटेल (55 वर्ष), पिता नरहरी पुटेल, निवासी ग्राम कलंगापाली, थाना घासलेट, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई।
सूचना मिलते ही परिजन बसना पहुंच गए। पुलिस के अनुसार गणेश पुटेल पहले ओडिशा के किसी मुर्गी फार्म में मजदूरी का काम करता था। वह सोमवार को अपने गांव से काम की तलाश में बस द्वारा बसना आया था। बुधवार शाम वह खेमड़ा स्थित एक मुर्गी फार्म में रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचा, लेकिन वहां काम नहीं मिलने पर वापस बस स्टैंड लौट आया।
रात में भोजन करने के बाद वह सड़क किनारे पैदल कहीं ठहरने के लिए जा रहा था। इसी दौरान कल रात लगभग 9:15 बजे पदमपुर रोड से रायपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीजे 5371 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कुछ दूरी तक घिसटता चला गया और उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही बसना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे शव के अंगों को एकत्र कर शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना भेजा। पहचान नहीं होने के कारण शव को अस्पताल के फ्रीजर में सुरक्षित रखा गया था।
बाद में आज उसके शव का पोस्टमार्टम कर शव को फ्रीजर में सुरक्षित किया गया था। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीजे 5371 को जब्त कर लिया है। चालक के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने का अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। बसना पुलिस मर्ग कायम करने के बाद अपराध क्रमांक 353/26 भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना करने में जुटी हुई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।