महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक सप्ताह में करीब 20 करोड़... - CG Sandesh

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक सप्ताह में करीब 20 करोड़ रुपये का गांजा किया नष्ट

महासमुंद : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने एक सप्ताह में तीसरी बार बड़ी मात्रा में जब्त गांजे का नष्टीकरण किया है। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में इस बार करीब 8.95 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 45 मामलों में जब्त 18 क्विंटल 69 किलो 963 ग्राम अवैध गांजे को बेलसोंडा स्थित बालाजी प्लांट में नष्ट किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 8 करोड़ 95 लाख 43 हजार 150 रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में की गई। नष्टीकरण से पहले जब्त मादक पदार्थ का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसके बाद शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार उसका वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और रक्षित निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस ने बताया कि नष्ट किए गए गांजे में वर्ष 2025 के 5 और 2026 के 40, यानी कुल 45 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थ शामिल था। ये मामले सिंघोड़ा, कोमाखान, बसना, सरायपाली, खल्लारी, महासमुंद और बागबाहरा थाना क्षेत्रों से संबंधित हैं।

इससे पहले 29 और 30 जून को भी दो चरणों में करीब 19 क्विंटल 93 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 46 लाख 78 हजार 500 रुपये थी, नष्ट किया गया था।

महासमुंद पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह के भीतर तीन चरणों में कुल 38 क्विंटल 62 किलो 963 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 19 करोड़ 42 लाख 21 हजार 650 रुपये है, नष्ट किया जा चुका है। पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



अन्य सम्बंधित खबरें