CG : खेत की घेराबंदी के दौरान मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत... - CG Sandesh

CG : खेत की घेराबंदी के दौरान मां और दो बेटों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाड़म में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेत की घेराबंदी के दौरान करंट की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर फैल गई है।

जानकारी के अनुसार 3 जुलाई की सुबह दसन बाई अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए जीआई तार और नायलॉन रस्सी से मेड़ की घेराबंदी करने अपने पुत्र सत्यव्रत सिंगरौल (14 वर्ष) और विवेक सिंगरौल (23 वर्ष) के साथ गई थीं। इसी दौरान तीनों किसी अज्ञात कारण से करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, देर शाम घर लौटे तो पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। काफी खोजबीन के बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों पुत्रों के शव पड़े मिले, जिसके बाद उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम नहीं हो सका और शनिवार 4 जुलाई को पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में घटना करंट लगने से होना सामने आया है, हालांकि करंट कैसे प्रवाहित हुआ और हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से ग्राम भाड़म में गहरा शोक व्याप्त है और ग्रामीण इसे क्षेत्र की सबसे हृदयविदारक घटनाओं में से एक बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें