बसना : मिशन कर्मयोगी में शिक्षक विवेकानंद दास बने अव्वल, विभागीय रैंकिंग में प्रथम स्थान
निरंतर सीखने की लगन और आत्मविकास के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला धुमाभांठा के सहायक शिक्षक विवेकानंद दास ने भारत सरकार के महत्वाकांक्षी मिशन कर्मयोगी पोर्टल पर जून 2026 की विभागीय रैंकिंग में 445 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है।
उनकी इस उपलब्धि से शिक्षा विभाग और जिले में हर्ष का वातावरण है। विवेकानंद दास ने ऑनलाइन प्रशिक्षण के माध्यम से अब तक 88 प्रशिक्षण प्रमाणपत्र अर्जित किए हैं। उन्होंने 77 घंटे 36 मिनट का अध्ययन एवं प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया है।
इसके साथ ही वे नियमित रूप से साप्ताहिक प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेकर अपने ज्ञान, कौशल और कार्यक्षमता को लगातार बेहतर बना रहे हैं। मिशन कर्मयोगी का उद्देश्य शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक, प्रभावी प्रशासन, नेतृत्व क्षमता और बेहतर सेवा प्रदायगी के लिए दक्ष बनाना है। विवेकानंद दास ने इस उद्देश्य को आत्मसात करते हुए सतत अध्ययन और प्रशिक्षण के बल पर यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
उनकी उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सहकर्मी शिक्षकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करते हुए विभाग और जिले का गौरव बढ़ाते रहेंगे। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि सीखने की निरंतर इच्छा, अनुशासन और सकारात्मक कार्य संस्कृति से किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है। यह उपलब्धि अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।