महासमुंद : 19 जनजातीय महिला पशुपालकों ने सीखी वैज्ञानिक डेयर... - CG Sandesh

महासमुंद : 19 जनजातीय महिला पशुपालकों ने सीखी वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन की तकनीक

ग्राम बोडरा स्थित गौठान एवं गोविंदी देव गौशाला का किया अवलोकन


आदिवासी विकास विभाग की विशेष केंद्रीय सहायता उपयोजना अंतर्गत विकासखंड बागबाहरा के माडा ग्राम जोरातराई की अनुसूचित जनजाति की महिला हितग्राहियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। डेयरी इकाई से जुड़ी 19 महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याओं को वैज्ञानिक पशुपालन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराने के लिए 3 जुलाई को धमतरी जिले का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. अंजना नायडू ने बताया कि ग्रामीण पशुपालन में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। पशुओं की देखभाल, चारा प्रबंधन, स्वास्थ्य संरक्षण तथा गोबर प्रबंधन जैसे अधिकांश कार्य महिलाएं ही करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक पशुपालन के लिए प्रशिक्षित और सशक्त बनाया जा रहा है।

भ्रमण के दौरान महिला पशुपालकों ने मुख्य ग्राम इकाई भोथली अंतर्गत ग्राम बोडरा स्थित गौठान एवं गोविंदी देव गौशाला का अवलोकन किया। यहां उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से पशुओं की नस्ल सुधार, उच्च दुग्ध उत्पादन तथा वैज्ञानिक पशुपालन की सफल व्यवस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखा। 

इन नवाचारों से महिलाएं काफी प्रेरित हुईं।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने कृत्रिम गर्भाधान, उन्नत नस्ल विकास, संतुलित पशु पोषण, हरे चारे के उत्पादन तथा पैरा को यूरिया, नमक एवं चूने से उपचारित कर उसकी पोषण गुणवत्ता बढ़ाने जैसी कम लागत वाली तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। साथ ही कृषि के साथ पशुपालन को जोड़कर अतिरिक्त आय अर्जित करने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।

यह शैक्षणिक भ्रमण डॉ. आर. जी. यादव एवं डॉ. ए.आर. घृतलहरे के नेतृत्व में आयोजित किया गया। मुख्य ग्राम योजना धमतरी के पशु प्रजनन विशेषज्ञ डॉ. टी.आर. वर्मा ने महिला पशुपालकों को पशु नस्ल सुधार, पशु संवर्धन, पशु पोषण तथा वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, मुख्य ग्राम इकाई भोथली के सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी श्री बी.एस. साहू ने क्षेत्र में संचालित कृत्रिम गर्भाधान एवं पशु पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी साझा की।



author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें