महासमुंद : दिव्यांगजनों के लिए दो दिवसीय उपयुक्तता प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन 08 एवं 09 जुलाई को
भारत सरकार एवं श्रम मंत्रालय के नेशनल कैरियर सेंटर फॉर डिफरेंटली एबल्ड जबलपुर एवं विशेष रोजगार कार्यालय (दिव्यांगजनों के नियोजन हेतु) रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में 08 एवं 09 जुलाई 2026 को प्रातः 11ः00 से दोपहर 03ः00 बजे तक दिव्यांगजनों के लिए उपयुक्तता प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज बैरन बाजार रायपुर में किया जा रहा है।
इस शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उपयुक्तता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होना है। छत्तीसगढ़ राज्य के दिव्यांगजनों को इस प्रमाण-पत्र के लिए जबलपुर जाना होता है। राज्य के शिक्षित दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए भारत सरकार श्रम मंत्रालय के नेशनल कैरियर सेंटर फॉर डिफरेंटली एब्ल्ड जबलपुर द्वारा दिव्यांगजनों को उनके दिव्यांगता का परीक्षण कर पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु उपयुक्तता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाता है।
इस शिविर में भाग लेने के लिए दिव्यांगजन अभ्यर्थी को जिला चिकित्सा बोर्ड द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, शिक्षा एवं आयु से संबंधित प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, मोबाईल नंबर, जाति प्रमाण-पत्र (यदि आरक्षित श्रेणी से है), पासपोर्ट आकार के दो फोटो तथा पाठ्यक्रम जिसमें प्रवेश लेना चाहता हो उसका प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य है। शिविर में आने-जाने हेतु किसी भी प्रकार का कोई मार्गव्यय देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय पर दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं। जिले के दिव्यांगजनों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस शिविर का लाभ उठाने के लिए कहा गया है।
अन्य सम्बंधित खबरें