बसना : 14 नवंबर 2023 की रात 13 दुकानों के शटर टूटने के ढाई साल बाद बसना में फिर एक ही रात 7 दुकानों में चोरी
2023 की सिलसिलेवार चोरी की घटना हुई ताजा
व्यापारी महासंघ ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग
बसना नगर में ढाई वर्ष पूर्व 13 दुकानों के एक साथ शटर तोड़कर चोरी करने की घटना के बाद एक बार फिर शटर तोड़कर सिलसिलेवार चोरी की घटना ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार देर रात से सोमवार तड़के के बीच अज्ञात चोरों ने नगर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित 7 दुकानों के शटर तोड़कर नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। एक ही रात में 7 दुकानों को निशाना बनाए जाने से नगर में दहशत का माहौल है। वहीं इस घटना ने 14 नवंबर 2023 की रात हुई 13 दुकानों में सिलसिलेवार चोरी की बड़ी वारदात की याद भी ताजा कर दी है।
रविवार रात बसना नगर में देर रात तक मूसलाधार बारिश होती रही। माना जा रहा है कि चोरों ने बारिश और सुनसान माहौल का फायदा उठाते हुए योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर टूटे देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते चोरी की खबर पूरे नगर में फैल गई और बड़ी संख्या में व्यापारी घटनास्थलों पर पहुंच गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भारत मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर, राधे कपड़ा बाजार, लक्ष्मी चॉइस सेंटर (कन्याशाला के पास) तथा वाधवा कॉम्प्लेक्स की दो दुकानों सहित कुल सात प्रतिष्ठानों में चोरी की घटना हुई है।
पुलिस सभी प्रभावित दुकानों से चोरी हुए नकदी एवं सामान का आकलन कर रही है। यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि विगत 14 नवंबर 2023 में की रात, विधानसभा चुनाव के दौरान, अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने बसना नगर की 13 दुकानों के शटर तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की थी। उस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। अब लगभग ढाई वर्ष बाद फिर उसी तरह की वारदात होने से व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता गहरा गई है।
घटना के विरोध में बसना व्यापारी महासंघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारी सोमवार को बसना थाने पहुंचे और थाना प्रभारी शरद दुबे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रात्रिकालीन पुलिस गश्त तत्काल बढ़ाने, चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की गई। साथ ही नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए नियमित रूप से यातायात पुलिस की तैनाती की मांग भी की गई।
व्यापारी महासंघ ने कहा कि लगातार चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो अपराधियों के हौसले और बढ़ेंगे। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी तथा सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की मांग की।
इधर, थाना प्रभारी शरद दुबे ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थलों से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही नगर में रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।