महासमुंद : कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा में वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ, 15 जुलाई तक लगाए जाएंगे लगभग 150 पौधे
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, कांपा- महासमुंद में 1 जुलाई से वन महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। यह पौधारोपण अभियान 15 जुलाई तक संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत महाविद्यालय परिसर एवं प्रक्षेत्र में लगभग 150 फलदार एवं वानिकी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संदीप भंडारकर ने की। उन्होंने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण करना आवश्यक है।
वन महोत्सव के अंतर्गत NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मला भारती पटेल के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों द्वारा पौधारोपण किया गया। अभियान में महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य डॉ. आदित्य सिरमौर, डॉ. सुबोध प्रधान, डॉ. ओकेश चंद्राकर, डॉ. रिचा चौधरी सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं NSS स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने "एक पेड़, एक जीवन" थीम पर आधारित जागरूकता अभियान चलाया तथा सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी देखभाल करने और हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।