महासमुंद : जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने कलेक्टर ने ली पशुधन... - CG Sandesh

महासमुंद : जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने कलेक्टर ने ली पशुधन विकास विभाग की समीक्षा बैठक

जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाकर पशुपालकों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से कलेक्टर  विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में पशुधन विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, उप संचालक पशुधन विकास विभाग, जिले के सभी पशु चिकित्सक, मैदानी अमला, दुग्ध महासंघ के सुपरवाइजर तथा सभी पशु सखियां उपस्थित रहीं।

बैठक में कलेक्टर लंगेह ने कहा कि महासमुंद जिले में दुग्ध उत्पादन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने सभी पशु चिकित्सकों को निर्देशित किया कि वे पशुपालकों तक नियमित रूप से पहुंचकर पशु प्रबंधन, पशु स्वास्थ्य संरक्षण, नस्ल सुधार एवं संतुलित पशु पोषण संबंधी वैज्ञानिक एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराएं। 

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। कलेक्टर ने देशी गायों में सेक्स सॉर्टेड सीमेन के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इससे उन्नत नस्ल की अधिक संख्या में बछियों का जन्म होगा, जो भविष्य में अधिक दुग्ध उत्पादन देने वाली गायों के रूप में तैयार होंगी।

बैठक में पशु सखियों को जिम्मेदारी देते हुए निर्देशित किया गया कि वे राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों से लगे गांवों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं। पशुपालकों को समझाएं कि वे अपने मवेशियों को खुला छोड़ने के बजाय घरों या सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें। सड़क पर छोड़े गए पशुओं से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है। ऐसे मामलों में यदि पशु पकड़े जाते हैं तो संबंधित पशुपालकों से नियमानुसार दंडात्मक राशि वसूल की जाएगी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत नंदनवार ने कहा कि जिले में दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के लिए सुनियोजित कार्ययोजना के साथ समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पशुधन विकास विभाग के मैदानी अधिकारी-कर्मचारियों, दुग्ध महासंघ के सुपरवाइजर, मार्ग पर्यवेक्षकों तथा पशु सखियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए अधिकाधिक पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन से जोड़ने और वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, पशुधन की उत्पादकता में सुधार तथा पशुपालकों की आय को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें