रायगढ़ : लेन-देन विवाद में कार लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख की XL-6 बरामद
रायगढ़ : रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी कार लूटकर फरार होने वाले आरोपी को घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भेण्ड्रा निवासी गजपति राम राठिया ने घरघोड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में उसकी पैतृक भूमि का सौदा नावापारा निवासी बेलाल अहमद के साथ 7 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोपी ने 3.50 लाख रुपये अग्रिम दिए, लेकिन बाद में जमीन खरीदने से इनकार कर रकम वापस मांगने लगा।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने परिचय का फायदा उठाकर प्रार्थी की मारुति सुजुकी XL-6 कार करीब सात महीने तक अपने कब्जे में रखी। बाद में 2.50 लाख रुपये वापस मिलने पर उसने कार लौटा दी, जबकि केवल 1 लाख रुपये का भुगतान शेष था। इसके बावजूद आरोपी कथित रूप से लगातार 10 लाख रुपये की मांग कर शिकायतकर्ता को धमकाता रहा।
पीड़ित के अनुसार, हाल ही में घरघोड़ा के कारगिल चौक के पास बकाया राशि को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए कार की चाबी छीन ली और वाहन लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर घरघोड़ा थाना पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लूटी गई मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।