रायगढ़ : 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कर्मचारियों का प्रदर्... - CG Sandesh

रायगढ़ : 17 सूत्रीय मांगों को लेकर आशा कर्मचारियों का प्रदर्शन, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रायगढ़ : अखिल भारतीय आशा कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं, सहयोगिनियों, मितानिनों और अन्य कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर रायगढ़ में प्रदर्शन किया। मिनी स्टेडियम से रैली निकालकर कर्मचारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने आशा कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा की थी। इसके बाद 7 अक्टूबर 2025 को देशभर के जिला मुख्यालयों में ज्ञापन सौंपे गए थे, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में एक बार फिर प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाई गई हैं।

ज्ञापन में आशा कार्यकर्ता, सहयोगिनी, मितानिन, फेसिलिटेटर और अन्य कर्मचारियों के लिए 26 हजार से 48 हजार रुपये तक वेतनमान लागू करने, समान कार्य के लिए समान वेतन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों का संविलियन, पदोन्नति कैडर, वार्षिक वेतनवृद्धि, ईपीएफ और ईएसआई की सुविधा, पेंशन व्यवस्था तथा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है।

इसके अलावा कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये मुआवजा, ठेका प्रथा समाप्त करने, टीकाकरण कार्य के लिए 1,000 रुपये प्रतिदिन मानदेय, अस्पतालों में विश्राम कक्ष, यात्रा भत्ता, वर्ष में दो बार गणवेश उपलब्ध कराने तथा एएनएम पद पर पदोन्नति के लिए आयु सीमा में छूट देने की भी मांग उठाई।

महासंघ ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना में अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने और राज्य स्तर पर लंबित मांगों को शीघ्र लागू करने की भी मांग की है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



अन्य सम्बंधित खबरें