महासमुंद : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.49 लाख के गांजा के साथ ... - CG Sandesh

महासमुंद : पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5.49 लाख के गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, तीन संदिग्ध बस का इंतजार कर रहे थे। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद दो पिट्ठू बैग से 10 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख 19 हजार रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राजू सिंह (फतेहपुर, उत्तर प्रदेश), विकास कुमार तिवारी (अवंती विहार, रायपुर) और सतेन्द्र कुमार निर्मल (फतेहपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 5 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ले जा रहे थे। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य सम्बंधित खबरें