CG: दूध से नहलाकर युवक का सम्मान, गंदे पानी से भरे गड्ढों में स्नान कर किया था जर्जर सड़क का विरोध
जांजगीर-चांपा। जिले के डोंगाकोहरौद गांव में बदहाल सड़क को लेकर चला आंदोलन आखिरकार रंग ले आया है। पिछले 10 वर्षों से जर्जर पड़ी करीब 4 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए ग्रामीण लगातार संघर्ष कर रहे थे। आंदोलन के दौरान सड़क के गड्ढों में भरे गंदे पानी से स्नान कर विरोध जताने वाले युवक शनिच राम के आंदोलन को ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिला। अब सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 5 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों ने आंदोलन का नेतृत्व करने वाले युवक शनिच राम को दूध से स्नान कराकर सम्मानित किया और सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने पांच दिनों तक अनशन किया था और एक दिन चक्काजाम कर प्रशासन पर दबाव बनाया था। फिलहाल प्रशासन ने जर्जर सड़क की तात्कालिक मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। वहीं बारिश समाप्त होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।