CG: बारिश में बच्चों की सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, प्रदेशभर में खुले गड्ढों को तत्काल भरने और बैरिकेडिंग के निर्देश
रायपुर। बारिश के मौसम में खुले गड्ढों और निर्माणाधीन स्थलों से बच्चों के साथ होने वाले हादसों को गंभीरता से लेते हुए संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ ने प्रदेश के सभी नगर निगम आयुक्तों और नगर पालिका अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने कहा है कि शहरों में जहां भी खुले गड्ढे, बिना ढकी नालियां या निर्माणाधीन स्थल मौजूद हैं, वहां तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।
विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने हाल के दिनों में सामने आए ऐसे मामलों पर चिंता जताई है, जिनमें खुले गड्ढों और नालियों में गिरने से बच्चों की मौत हुई है। आयोग ने बच्चों के जीवन और सुरक्षा के अधिकार को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक सभी नगरीय निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सर्वे अभियान चलाकर जोखिम वाले स्थानों की पहचान करेंगे। जहां संभव हो वहां गड्ढों को तुरंत भरने की कार्रवाई की जाएगी, जबकि अन्य स्थानों पर बैरिकेडिंग, बाड़ या अन्य सुरक्षा घेरा लगाकर लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनाई जाएगी।
निर्माण कार्य कराने वाली एजेंसियों और कॉलोनियों के संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नींव, कॉलम या अन्य निर्माण कार्यों के लिए खोदे गए गड्ढों के चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरा लगाया जाए। संवेदनशील निर्माण स्थलों पर चौकीदार या सुरक्षाकर्मी की तैनाती भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग ने यह भी बताया कि बारिश के दौरान पानी भर जाने से छोटे और गहरे गड्ढों में अंतर करना बच्चों के लिए मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसी वजह से सभी निकायों को भविष्य में होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और हर महीने अनुपालन रिपोर्ट क्षेत्रीय संयुक्त संचालक के माध्यम से संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।