बिलासपुर यातायात पुलिस को मिला अत्याधुनिक हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स का प्रशिक्षण, सड़क हादसों में राहत कार्य होगा तेज
बिलासपुर : सड़क दुर्घटनाओं में घायल और वाहन में फंसे लोगों को त्वरित एवं सुरक्षित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने अत्याधुनिक बैटरी संचालित मोबाइल मल्टीपर्पस हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और जवानों को आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के संचालन एवं दुर्घटना स्थल पर त्वरित बचाव कार्य की तकनीक सिखाई गई।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मी शामिल हुए।
आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के संचालन का दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों को कटर मशीन, स्प्रेडर, रेस्क्यू रैम सेट, स्ट्रांग आर्म, ग्लास मैनेजमेंट उपकरण सहित अन्य आधुनिक हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स के उपयोग और निर्धारित एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) की जानकारी दी गई।
अधिकारियों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना के दौरान वाहन में फंसे लोगों को कम से कम समय में सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने के लिए इन उपकरणों का किस प्रकार उपयोग किया जाए।
24×7 हाईवे पेट्रोलिंग पर भी जोर
यातायात पुलिस ने बताया कि जिले के हाईवे पर 24×7 पेट्रोलिंग और इंटरसेप्टर वाहनों के माध्यम से तेज रफ्तार एवं यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को सूचना दें, ताकि रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सके।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में 'गोल्डन ऑवर' के दौरान त्वरित और प्रभावी बचाव सुनिश्चित कर घायलों की जान बचाने की क्षमता को और मजबूत करना है।