बलौदाबाजार : राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव श्री बांधे ने की... - CG Sandesh

बलौदाबाजार : राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव श्री बांधे ने की निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण सहित चुनावी तैयारियों की समीक्षा

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के उप सचिव श्री एस.आर.बांधे ने आज यहां जिला कार्यालय के सभाकक्ष में स्थानीय निकायों के चुनाव से संबंधित प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपादन कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने विशेषकर निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण एवं पंचायतों के परिसीमन कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि एक भी पात्र मतदाता के नाम निर्वाचक नामावली में छूटने नहीं चाहिए और अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं होने चाहिए। उन्होने मतदाता जागरूकता के लिए संचालित ‘जाबो बलोदाबाजार ’में सभी सीएमओस को और सक्रियता से काम करने का निर्देश दिए।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी इंदिरा देवहारी ने बैठक स्थानीय निकाय के चुनाव के मद्देनजर जिले में मिले दावा-आपत्ति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले की सभी नौ निकायों को मिलाकर निर्धारित समयावधि तक परिवर्धन के 5 हजार 810, संशोधन के 372 एवं निरसन के 1 हजार 267 आवेदन मिले हैं। संबंधित एसडीएम द्वारा इनका निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनावों के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा अब तक की गई तैयारियों की जानकारी से अवगत कराया। उप सचिव श्री बांधे ने कहा कि मतपेटियां और ईव्हीएम मशीनों की पूर्व तैयारी कर लिए जाएं। प्रस्तावित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करके यदि जरूरी हुआ तो मरम्मत किये जाएं। यदि किसी मतदान केन्द्र पर एक हजार 200 से ज्यादा मतदाता पंजीकृत हैं तो सहायक मतदान केन्द्र बनाया जा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वार्ड परिसीमन में मतदाताओं के मतदान केन्द्र में बदलाव हुआ होगा। ऐसे सभी मतदाताओं को बदले हुए मतदान केन्द्र की जानकारी पर्याप्त समय पहले दे दी जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की भ्रान्ति ना रहे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जोगेन्द्र नायक, जिला पंचायत के सीईओ श्री आशुतोष पाण्डेय, राज्य निर्वाचन आयोग के अवर सचिव श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित सभी एसडीएम एवं नगरपालिका अधिकारी उपस्थित थे।


author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें