बलौदाबाजार : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना
अस्पताल में इलाज के लिए पहले से कार्ड बनाकर ले जाना जरूरी नहीं
पंजीकृत अस्पताल में केवाईसी कराकर हो सकता है इलाज
2 लाख 31 हजार परिवार को मिल रहा आयुष्मान भारत योजना का फायदा
80 हजार परिवार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में
बलौदाबाजार , 18 सितम्बर 2019
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत इलाज के लिए पहले की तरह स्मार्ट कार्ड लेकर अस्पताल जाने की अब जरूरत नहीं हैं। इन योजनाओं के लिए पंजीकृत अस्पताल में पदस्थ आयुष्मान मित्रों के द्वारा केवल केवाईसी कराकर आयुष्मान भारत का ई-कार्ड प्राप्त किया जा सकता है और इलाज सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। इसलिए कार्ड निर्माण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब अलग से शिविर भी आयोजित नहीं किये जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के राज्य नोडल एजेन्सी कार्यालय द्वारा इस आशय के पत्र बलौदाबाजार सहित सभी जिला कलेक्टरों एवं सीएमओ को प्राप्त हो गए हैं।
जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.के.आर. सोनवानी ने इस सिलसिले में बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में कुल 2,31,566 परिवार एवं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना अंतर्गत 79,914 परिवार हितग्राही शामिल हैं। यह योजना पात्रता आधारित योजना है । इसलिए पात्र परिवार योजना अनुरूप संपूर्ण बीमा अवधि में कभी भी 5 लाख रूपये तक इलाज सुविधा पाने हेतु पात्र है। आशय यह कि पात्र परिवर इलाज की आवश्यकता होेने पर कभी भी पंजीकृत शासकीय या निजी अस्पताल में पदस्थ आयुष्मान मित्र के सहायता से के.वाई सी. कराके ई-कार्ड प्राप्त कर योजना के अनुसार इलाज लाभ प्राप्त कर सकते है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत अपनी पात्रता जानने हेतु बेवसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट मेरा डॉट पीएमजेऐवाई डॉट जीओव्हीडॉट इन मे जाकर चेक कर सकते है।
सीएमओ ने आगे बताया कि वर्तमान में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रो -लवन, कसडोल, बिलाईगढ़, पलारी, सुहेला, भाटापारा एवं सिमगा ंमे तथा पुराना जिला चिकित्सालय परिसर के कियोस्क केन्द्रो में जिले के पात्र परिवारो एवं उनके सदस्यों जिनको उपचार की आवश्यकता है या अन्य किसी सदस्य का नाम जोडना है ऐसे पात्र हितग्राहीयों का यूनिक आईडी कार्ड जारी किया जा रहा है। आईडी जारी किये जाने हेतु राशन कार्ड, स्मार्ट कार्ड, एवं आधार कार्ड लेकर आना है। आईडी जारी करने की प्रक्रिया निःशुल्क है तथा केवल जिले के शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रो में ही किया जा रहा है जिसका निर्धारित समय कार्यालयीन दिवसों में 10ः30 से 5ः00 बजे तक किया जा रहा है। आपातकालीन स्थिति या मरीज के भर्ती होने पर आईडी की प्रक्रिया पंजीकृत शासकीय एवं निजी चिकित्सालय मे तुरंत कर दिया जाता है। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु टोल फ्री नंम्बर 14555 एवं 104 या कार्यलय मुख्य स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी में प्राप्त किया जा सकता है।