राम मंदिर दान राशि में कथित अनियमितता के आरोपों पर गरियाबंद में कांग्रेस का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
गरियाबंद : अयोध्या स्थित श्री राम मंदिर की दान राशि में कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सोमवार को गरियाबंद में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर करीब 2 बजे तिरंगा चौक पर पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और दान राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसकी पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने कहा कि यदि राम मंदिर की दान राशि में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्वयं श्री राम मंदिर निर्माण के लिए ₹1,11,111 का चंदा दिया था और सरकार से उस राशि सहित देशभर के श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग की।
वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यदि दान राशि में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।