महासमुंद में मध्यान्ह भोजन रसोइयों का उग्र प्रदर्शन, कलेक्ट्... - CG Sandesh

महासमुंद में मध्यान्ह भोजन रसोइयों का उग्र प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेराव के बाद किया चक्का जाम

महासमुंद जिला मुख्यालय में सोमवार को मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ के बैनर तले सैकड़ों रसोइयों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंची महिला रसोइयों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इस दौरान कलेक्टर से मुलाकात की मांग पर अड़ी प्रदर्शनकारी महिलाओं के कारण कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रदर्शन के दौरान नाराज रसोइयों ने कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पांच सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ की मांग है कि चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार रसोइयों के मानदेय में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाए। इसके अलावा कलेक्टर दर पर मानदेय देने, स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने पर रसोइयों की सेवाएं समाप्त नहीं करने, सभी रसोइयों को ई-श्रम कार्ड उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की मांग भी शामिल है।

महंगाई में कम मानदेय से नाराज रसोइया

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि वे वर्षों से बेहद कम मानदेय पर काम कर रही हैं, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

बाद में प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें