रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ... - CG Sandesh

रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 'अभियान संवेदना' के तहत महिला थाना और सिटी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, दरोगा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नाबालिग के साथ आपत्तिजनक घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके बाद 11 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने लफ्फू उर्फ विजय सारथी, निवासी दरोगा पारा, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



अन्य सम्बंधित खबरें