बसना : आवास के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, जाँच में पहुंचे अ... - CG Sandesh

बसना : आवास के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, जाँच में पहुंचे अधिकारी, बीजेपी नेता को ग्रामीणों ने बाहर निकाला!

बसना विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़फुलझर में प्रधानमंत्री आवास योजना में रोजगार सहायक पर अवैध वसूली का मामला गरमा गया है। ग्रामीणों की शिकायतों के बाद जांच अधिकारी मामले की पड़ताल करने गढ़फुलझर पहुंचे थे, जहाँ जांच बैठक के दौरान भारी हंगामा हो गया।

ग्रामीण सोहन लाल पांडे सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान रोजगार सहायक द्वारा पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ देने के एवज में पैसों की मांग की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक ही परिवार के कई सदस्यों को बार-बार आवास आबंटित कर दिया गया, जबकि वर्षों पुराने जरूरतमंद और पात्र परिवार आज भी इस लाभ से वंचित हैं।

जांच के दौरान माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब बैठक में मौजूद पूर्व सरपंच एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बीजेपी नेता सोमनाथ पांडे ग्रामीणों के विरोध के बावजूद खुलकर रोजगार सहायक के समर्थन में बात करने लगे। इससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने पूर्व जनप्रतिनिधि पर मिलीभगत और षड्यंत्र का आरोप लगाते हुए उन्हें बैठक से बाहर निकाल दिया।

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए हैं और रोजगार सहायक पर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की शिकायतों और बयानों की सूची तैयार कर आगे की जांच की जा रही है।


author

अविनाश नायक

मैं डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ और टेक-सैवी पत्रकार हूँ, जो पिछले 9 वर्षों से छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद, सरायपाली, बसना और पिथौरा क्षेत्र की स्थानीय खबरों के साथ, देश-विदेश एवं शासकीय योजनायें, रोजगार अथवा बैंकिंग से सम्बंधित समाचार प्रकाशित करता हूँ। पत्रकारिता के साथ-साथ मुझे Windows VPS सर्वर, IIS कॉन्फ़िगरेशन, SQL सर्वर और MVC, .NET, C# जैसी एडवांस तकनीकों का गहरा व्यावहारिक अनुभव है. इसके पूर्व करीब 6 वर्ष तक का मेरा सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामर के रूप में अनुभव रहा है.
अन्य सम्बंधित खबरें