CG : चकरभाठा में सूने मकान में लाखों की चोरी, रिटायर्ड व्याख्याता के घर से गहने और नकदी पार
बिलासपुर : जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना वार्ड क्रमांक-15 स्थित आत्मानंद स्कूल के सामने की है, जहां सेवानिवृत्त व्याख्याता खगेन्द्र कुमार तिवारी अपने बेटे से मिलने कोरबा गए हुए थे।
पीड़ित के वापस घर लौटने पर मुख्य दरवाजे और अंदर के कमरों के ताले टूटे मिले। घर के भीतर रखी अलमारी और लोहे की पेटी का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर सोने-चांदी के कीमती जेवर, हीरे की अंगूठी और करीब 1.10 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पीड़ित खगेन्द्र कुमार तिवारी के अनुसार, चोरी गए सामान का वास्तविक मूल्य दस्तावेजों के मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।