गूगल मैप के भरोसे निर्माणाधीन पुल पर चढ़ी कार, 30 फीट नीचे ग... - CG Sandesh

गूगल मैप के भरोसे निर्माणाधीन पुल पर चढ़ी कार, 30 फीट नीचे गिरी; चार लोगों की बची जान, ठेकेदार पर कार्रवाई के संकेत

बिलासपुर : बिलासपुर-उरगा मार्ग पर सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब रायगढ़ से रायपुर जा रही एक कार गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए निर्माणाधीन पुल पर चढ़ गई और सड़क समाप्त होने के कारण करीब 30 फीट नीचे राखड़ में जा गिरी। हादसे में कार सवार चारों लोग बाल-बाल बच गए और उन्हें केवल सामान्य चोटें आईं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी संजय पटेल, चंद्रभान पटेल, सत्यनारायण पटेल और अनिल पटेल कोरबा के रास्ते रायपुर जा रहे थे। देर रात अंधेरे में गूगल मैप के निर्देशों का अनुसरण करते हुए उनकी कार निर्माणाधीन पुल तक पहुंच गई। सड़क आगे खत्म होने के कारण कार सीधे नीचे गिर गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी (शहर) पंकज पटेल ने बताया कि निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है। यदि जांच में निर्माण एजेंसी या संबंधित ठेकेदार की ओर से सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने निर्माणाधीन पुलों और सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जिम्मेदारों की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।



अन्य सम्बंधित खबरें