बिल्हा में जमीन विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप, घर निर्माण को लेकर डंडों से हमला; तीन आरोपियों पर केस दर्ज
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के डोड़की गांव में घर निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जमीन से जुड़े विवाद के दौरान दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें एक पक्ष पर डंडों से जानलेवा हमला किया गया। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष अपने घर का निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव ने निर्माण कार्य का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कथित तौर पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने बताया कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।