महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन चोरी के मामलों का खुलास... - CG Sandesh

महासमुंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन चोरी के मामलों का खुलासा, 12 आरोपी गिरफ्तार; 31 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद

महासमुंद : महासमुंद पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 31 लाख 39 हजार 640 रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की है। बरामद सामान में सोने-चांदी के जेवर, नकदी, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किए गए उपकरण शामिल हैं। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने प्रेसवार्ता में किया।

शादी में गए परिवार के सूने मकान से लाखों की चोरी का खुलासा

पहला मामला तुमगांव थाना क्षेत्र के अछोली गांव का है। यहां एक परिवार के शादी समारोह में जाने के दौरान सूने मकान का ग्राइंडर से ताला काटकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए थे। पुलिस ने मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राहुल उर्फ भोजदास साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 7 लाख 26 हजार 940 रुपये के सोने-चांदी के जेवर, एक मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त ग्राइंडर बरामद किया गया।

पारधी गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार

दूसरा मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां नकबजनी करने वाले पारधी गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने महासमुंद के अलावा सक्ती और कोरबा जिले में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरोह के कब्जे से 12 लाख 46 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और तीन मोटरसाइकिल शामिल हैं, बरामद की गई।

मध्यप्रदेश के चार आरोपी भी गिरफ्तार

तीसरा मामला महासमुंद शहर की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है। यहां सूने मकान में चोरी करने वाले मध्यप्रदेश के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 1 लाख 66 हजार 700 रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद हुई, जिसमें मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और चांदी के आभूषण शामिल हैं।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी से मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि तीनों मामलों में तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय में चोरी के मामलों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।



अन्य सम्बंधित खबरें