विधानसभा में उठा पुरातत्व धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा, सिरप... - CG Sandesh

विधानसभा में उठा पुरातत्व धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा, सिरपुर और मल्हार में नए संग्रहालय का प्रस्ताव

रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में बुधवार को प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से उठाया गया। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह ने राज्य की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और संग्रहालयों की स्थिति पर सरकार से जवाब मांगा।

सदन में सदस्यों ने कहा कि रायपुर स्थित महंत घासीदास संग्रहालय, जिसकी स्थापना वर्ष 1875 में हुई थी, वहां रखी गई कई प्राचीन ऐतिहासिक मूर्तियां रखरखाव के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जबकि कुछ दुर्लभ वस्तुओं के चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन धरोहरों के संरक्षण के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

जवाब में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि रायपुर में नए अभिलेखागार (आर्काइव) के निर्माण के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है और लोक निर्माण विभाग (PWD) को निर्माण एजेंसी नियुक्त किया गया है।

मंत्री ने यह भी बताया कि सिरपुर और मल्हार में नए संग्रहालय के निर्माण का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संग्रहालय में रखे कई पुराने ऐतिहासिक दस्तावेज समय के साथ क्षतिग्रस्त हो गए थे। ऐसे दस्तावेजों की वैकल्पिक प्रतियां मध्यप्रदेश से मंगाई गई हैं, ताकि ऐतिहासिक अभिलेखों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।



अन्य सम्बंधित खबरें