CG : तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आया स्कूटी सवार परिवार, प... - CG Sandesh

CG : तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आया स्कूटी सवार परिवार, पिता और पुत्र की मौत, मां गंभीर

गौरेला पेंड्रा मरवाही। जिले के पेंड्रा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा पेंड्रा स्थित राय पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूटी पर पति-पत्नी अपने बच्चे के साथ जा रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे कोयले से लदे ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पेंड्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने पिता और पुत्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि मां की हालत गंभीर होने के कारण उसका इलाज जारी है।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य सम्बंधित खबरें