जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां पूरी, शांति समिति की बैठक में... - CG Sandesh

जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां पूरी, शांति समिति की बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा

रायगढ़ : भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और रथ यात्रा आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में रथ यात्रा के दौरान यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत व्यवस्था, पुलिस सुरक्षा, पेट्रोलिंग और यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने जानकारी दी कि रथ यात्रा के दौरान गांजा चौक, चांदनी चौक, केवड़ा बाड़ी बस स्टैंड, बाघ तालाब और पैलेस रोड क्षेत्र में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए जाएंगे और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा में भजन मंडलियों के साथ आर्केस्ट्रा की प्रस्तुति भी होगी, जिससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण और अधिक आकर्षक बनेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर पानी के टैंकर, राजा महल के पास एंबुलेंस तथा सोनार पारा में भंडारे की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

प्रशासन और आयोजन समिति ने संयुक्त रूप से रथ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का भरोसा जताया।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें