धरमजयगढ़ में दंपति की संदिग्ध मौत, जले हुए शव मिलने से सनसनी; हत्या का मामला दर्ज
रायगढ़ : जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में एक दंपति के जले हुए शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई राठिया के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के यहां कार्यरत रामलाल चौहान ने पुलिस को बताया कि मंगलवार शाम काम समाप्त होने के बाद वह घर चला गया था। उस समय दंपति घर में अकेले थे। बुधवार सुबह जब वह दोबारा काम पर पहुंचा तो मुख्य दरवाजा खुला मिला। घर के एक कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। बाहर से देखने पर कमरे के भीतर दोनों के जले हुए शव जमीन पर पड़े मिले। इसके बाद उसने तत्काल परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि एफएसएल जांच, डॉग स्क्वॉड की मदद और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।