न्यूको सीमेंट प्लांट के खिलाफ 21 जुलाई को धरना, चार पंचायतों... - CG Sandesh

न्यूको सीमेंट प्लांट के खिलाफ 21 जुलाई को धरना, चार पंचायतों के ग्रामीणों ने खोला मोर्चा

जांजगीर-चांपा : जिले के आरसमेटा स्थित न्यूको सीमेंट प्लांट के खिलाफ क्षेत्र के लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। प्लांट प्रबंधन पर वादे पूरे नहीं करने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए आरसमेटा, परसदा, अमोरा और सोनसरी ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने 21 जुलाई को धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और प्लांट प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।

ग्रामीणों के अनुसार, प्लांट के गोद ग्रामों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने से गांवों का विकास प्रभावित हो रहा है। साथ ही पत्थर खदान में होने वाली भारी ब्लास्टिंग से कई मकानों में दरारें आ गई हैं। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पहले उपलब्ध कराई जा रही मेडिकल सुविधा भी बंद कर दी गई है, जिससे लोगों को इलाज संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रभावित गांवों के जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शासन-प्रशासन और प्लांट प्रबंधन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों के बीच बैठक भी कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। इससे नाराज ग्रामीणों ने 21 जुलाई को आरसमेटा में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट स्थापना के समय हुए समझौते की शर्तों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। प्रभावित गांवों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण अपनी 12 सूत्रीय मांगों को प्रशासन और प्लांट प्रबंधन के समक्ष रखेंगे। उनका कहना है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

हालांकि, इस मामले में न्यूको सीमेंट प्लांट प्रबंधन की प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है। यदि प्रबंधन की ओर से कोई पक्ष आता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।



अन्य सम्बंधित खबरें