स्केटिंग के सहारे भारत भ्रमण पर निकले मुन्नार निषाद का गरिया... - CG Sandesh

स्केटिंग के सहारे भारत भ्रमण पर निकले मुन्नार निषाद का गरियाबंद में भव्य स्वागत

गरियाबंद : स्केटिंग के माध्यम से पूरे भारत का भ्रमण कर रहे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी मुन्नार निषाद मंगलवार को अपनी यात्रा के दौरान गरियाबंद पहुंचे। भूतेश्वरनाथ चौक पर जगन्नाथ युवा बाल परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

मुन्नार निषाद ने बताया कि उन्होंने करीब 10 महीने पहले गुजरात से अपनी अनूठी यात्रा की शुरुआत की थी। इसके बाद वे गोवा, तेलंगाना, मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों का भ्रमण करते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचे। बीजापुर और गीदम से होते हुए वे गरियाबंद पहुंचे, जहां से विश्व प्रसिद्ध बाबा भूतेश्वरनाथ के दर्शन के लिए रवाना हुए।

उन्होंने बताया कि अब तक स्केटिंग के माध्यम से करीब 11 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। उनका उद्देश्य देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करना और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस अभियान के तहत वे 12 ज्योतिर्लिंगों सहित देश के प्रमुख मंदिरों की यात्रा कर रहे हैं।

मुन्नार निषाद ने कहा कि पिछले करीब एक महीने से वे छत्तीसगढ़ में हैं और यहां के लोगों ने हर जगह उन्हें परिवार जैसा स्नेह दिया है। उन्होंने कहा कि रहने और भोजन की व्यवस्था भी लोगों ने अपने घर के सदस्य की तरह की। गरियाबंद में मिले सम्मान से वे बेहद भावुक हैं।

उन्होंने कहा, "मेरा उद्देश्य सनातन धर्म का प्रचार-प्रसार करना और देश के प्रमुख मंदिरों के दर्शन करना है। छत्तीसगढ़ के लोगों का अपनापन और सम्मान मेरे लिए अविस्मरणीय है। सच में, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।"



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें