रायगढ़ : मोबाइल विवाद में पत्नी की हत्या, 48 घंटे के भीतर आरोपी पति गिरफ्तार
धरमजयगढ़ : रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अपनी पत्नी की लकड़ी के पट्टे से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वारदात में प्रयुक्त लकड़ी का पट्टा भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को प्रतीक चौवड़ा के बाड़ी परिसर की झाड़ियों में बोरी से ढका एक महिला का शव मिला था। जांच में मृतका की पहचान राजकुमारी चौहान के रूप में हुई, जो अपने पति मोहब्बत चौहान के साथ वहीं रहकर मजदूरी करती थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति-पत्नी दोनों शराब के आदी थे और उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 12 जुलाई की रात भी दोनों के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान मारपीट की आवाजें आसपास के लोगों ने सुनी थीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें मिलने के साथ अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहब्बत चौहान पहले भी अपने ससुर की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।