बसना : आंधी-तूफान में गिरे पेड़ और जर्जर साइड शोल्डर से राहग... - CG Sandesh

बसना : आंधी-तूफान में गिरे पेड़ और जर्जर साइड शोल्डर से राहगीर परेशान, PWD की कार्यशैली पर उठे सवाल

रूपानंद साव। बसना से बंसुला होते हुए बरोली मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही के कारण आम नागरिकों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, 05 जुलाई 2026 को आए आंधी-तूफान एवं तेज बारिश के दौरान सर्विस सड़क पर एक बड़ा पेड़ गिर गया था, जिसे आज तक नहीं हटाया गया है। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

गढ़फूलझर सालहेझरिया सड़क का मार्ग का साइड सोल्डर मुरुम गायब, रोज दुर्घटनायें हो रही है

ग्रामीणों का कहना है कि केवल गिरे हुए पेड़ की समस्या ही नहीं, बल्कि इस मार्ग के किनारे स्थित साइड शोल्डर (फुटपाथ/सड़क किनारा) भी पिछले वर्ष की बारिश में बह गया था। एक वर्ष बीत जाने के बाद भी लोक निर्माण विभाग द्वारा न तो शोल्डर का मुरमीकरण कराया गया और न ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई। परिणामस्वरूप सड़क के किनारे वाहन उतारना जोखिमभरा हो गया है, जिससे विशेषकर रात के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।

यह मार्ग बसना क्षेत्र के परसकोल, केवटापाली, बरोली, मेडनीपुर, सराईपाली, हाड़ापथरा, कुदारी बाहरा, केरामुंडा सहित अनेक गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख डामरीकृत सड़क मार्ग है। यही सड़क आगे उड़ीसा राज्य की ओर जाने वाले यात्रियों और वाहनों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का कार्य करती है। प्रतिदिन इस सड़क से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, विद्यार्थी, व्यापारी तथा यात्री आवागमन करते हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग से विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कई जनप्रतिनिधि भी प्रतिदिन गुजरते हैं, इसके बावजूद सड़क की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी पहल दिखाई नहीं दी है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग की निष्क्रियता के कारण आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सर्विस सड़क पर गिरे पेड़ को तत्काल हटाया जाए तथा सड़क के दोनों ओर क्षतिग्रस्त शोल्डर का मुरमीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से भी मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।


अन्य सम्बंधित खबरें