CG: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, पिता ने 3 बच्चों और पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर फांसी लगाकर दे दी जान
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर के मदनी चौक में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक ही घर से एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, पड़ोसियों ने काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया, तब अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। घर के भीतर परिवार के पांच सदस्यों के शव मिले।
मृतकों में साजिद अली, उनकी पत्नी, 19 वर्षीय बेटा तथा 17 और 16 वर्षीय दो बेटियां शामिल हैं। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार का मुखिया भारी कर्ज से परेशान था। इसी तनाव के चलते उसने पहले अपने पूरे परिवार को जहर देकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई अंतिम पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक परिवार करीब आठ महीने पहले ही इस मकान में रहने आया था। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।