NH-49 पर ग्रामीणों का चक्का जाम: जलभराव से परेशान लोगों का फ... - CG Sandesh

NH-49 पर ग्रामीणों का चक्का जाम: जलभराव से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा, मुआवजा और पुल निर्माण की मांग

बिलासपुर : जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच धूमा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। जलभराव की समस्या से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) पर चक्का जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक प्रभावित रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में उचित जल निकासी व्यवस्था और पुल का निर्माण नहीं होने के कारण बारिश का पानी गांव में भर गया है। हालात ऐसे हैं कि 150 से अधिक घर जलमग्न हो चुके हैं, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों को रहने, खाने-पीने और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हाईवे जाम कर दिया।

ग्रामीणों की मांग है कि जलभराव से प्रभावित परिवारों को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए तथा भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्र में पुल और बेहतर जल निकासी व्यवस्था का निर्माण कराया जाए।

चक्का जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि खबर लिखे जाने तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में गांव जलभराव की समस्या से जूझता है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें