रायगढ़: यूपीएचसी रामभांटा में एनक्यूएएस मूल्यांकन, स्वास्थ्य... - CG Sandesh

रायगढ़: यूपीएचसी रामभांटा में एनक्यूएएस मूल्यांकन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का किया गया निरीक्षण

रायगढ़ : शहर के यूपीएचसी (शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) रामभांटा में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (National Quality Assurance Standards-NQAS) के तहत मूल्यांकन किया गया। दो सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

मूल्यांकन टीम में शामिल डॉ. अजय सिंह और डॉ. विवेक भारती ने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की देखभाल, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, आपातकालीन उपचार, प्रयोगशाला सेवाएं, रिकॉर्ड प्रबंधन और मरीजों की संतुष्टि सहित विभिन्न गुणवत्ता मानकों का निरीक्षण किया।

इस दौरान यूपीएचसी प्रभारी डॉ. काकोली पटनायक, सीपीएम डॉ. सोनाली मेश्राम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं और व्यवस्थाओं का निर्धारित मानकों के आधार पर मूल्यांकन किया।

गौरतलब है कि इससे पहले लैलूंगा, पुसौर, घरघोड़ा और चपले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एनक्यूएएस के राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रमाणन प्राप्त कर चुके हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों में सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशु देखभाल, आधुनिक जांच सुविधाओं और संक्रमण नियंत्रण की व्यवस्थाओं को विशेष सराहना मिली थी।

एनक्यूएएस प्रमाणन मिलने के बाद स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन भी प्राप्त होगा। इस राशि का उपयोग अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मरीजों को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में ही बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।



अन्य सम्बंधित खबरें