रायपुर में कांग्रेस का 'स्मार्ट मीटर जनहित अभियान' शुरू, घर-... - CG Sandesh

रायपुर में कांग्रेस का 'स्मार्ट मीटर जनहित अभियान' शुरू, घर-घर पहुंचकर भरवाए जा रहे आवेदन; बढ़े बिजली बिलों पर सरकार को घेरने की तैयारी

रायपुर : स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायतों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने राजधानी रायपुर में जनहित अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से आवेदन पत्र भरवा रहे हैं। इन आवेदनों को एकत्र कर बिजली विभाग को सौंपा जाएगा और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों के समाधान की मांग की जाएगी।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में शनिवार को इस अभियान की शुरुआत लाखे नगर स्थित बिजली कार्यालय से की गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता विभिन्न वार्डों में घर-घर पहुंचे और उन उपभोक्ताओं से संपर्क किया, जिनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिलों में असामान्य वृद्धि हुई है।

उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनकर भरवाए जा रहे आवेदन

अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बिजली उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। पार्टी का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई परिवारों के बिजली बिल पहले की तुलना में काफी अधिक आने लगे हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

कांग्रेस ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके घर में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है, तो वे आवेदन भरकर इस अभियान का हिस्सा बनें। पार्टी का कहना है कि सभी आवेदन सामूहिक रूप से बिजली विभाग को सौंपे जाएंगे, ताकि प्रभावित उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान कराया जा सके।

सरकार पर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप

शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने इस मुद्दे पर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि बढ़ते बिजली बिलों को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है और सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल आवेदन एकत्र करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। यदि सरकार और बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों पर ठोस निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी।

पार्टी का कहना है कि उसका उद्देश्य उपभोक्ताओं की आवाज को सरकार और बिजली विभाग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है, ताकि बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का जल्द समाधान हो सके।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें