रायगढ़: नाबालिग को दो बार बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गि... - CG Sandesh

रायगढ़: नाबालिग को दो बार बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

रायगढ़ : रायगढ़ पुलिस ने 'अभियान संवेदना' के तहत कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को दो बार बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। जूटमिल थाना पुलिस ने आरोपी अनुज स्वर्णकार के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जून को नाबालिग बालिका अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने 3 जुलाई को जूटमिल थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और 11 जुलाई को बालिका को आरोपी के घर से सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि, उस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था।

बालिका के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी।

इसी बीच 13 जुलाई को बालिका एक बार फिर लापता हो गई। पुलिस ने लगातार खोजबीन करते हुए 15 जुलाई को केवड़ाबाड़ी स्थित महादेव मंदिर के पास से बालिका को आरोपी अनुज स्वर्णकार के साथ सकुशल बरामद कर लिया।

पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी के साथ ट्रेन से बिलासपुर गई थी और अगले दिन दोनों रायगढ़ लौट आए थे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जबकि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के लिए 'अभियान संवेदना' के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि ऐसे मामलों में पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जा सके और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो।



अन्य सम्बंधित खबरें