CG : 'जनता की गलती से सत्ता में आई सरकार', अविश्वास प्रस्ताव पर नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का पलटवार
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगले 25 वर्षों तक कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी और केवल कांग्रेस को सरकार पर अविश्वास है, जबकि जनता को सरकार पर पूरा विश्वास है, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
डॉ. महंत ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनका मंत्रिमंडल छत्तीसगढ़ की जनता की "गलती" से सत्ता में आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को राजनीतिक बयान देने के बजाय मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान देना चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री जनता के हित में काम करने के बजाय "दुकानदारी" में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई जनसमस्याएं हैं, लेकिन सरकार उनका समाधान करने के बजाय राजनीतिक बयानबाज़ी कर रही है। सभी मंत्री चाहे कोयले, राखड़, रेत, मुर्म जैसे ना जाने कितने दुकान चला रहे हैं।
डॉ. महंत ने स्पष्ट किया कि विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव किसी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हीं के आधार पर अविश्वास प्रस्ताव तैयार किया गया है।
उनके अनुसार, अविश्वास प्रस्ताव में प्रदेश की जनता से जुड़े 136 प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया है, जिन पर सरकार को विधानसभा में जवाब देना होगा। अब इस मुद्दे को लेकर प्रदेश की राजनीति और गर्माने के आसार हैं।