रायपुर : महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज, घर-घर बांटे आवेदन पत्र
रायपुर : राजधानी रायपुर में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में घर-घर पहुंचकर स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन पत्र वितरित कर रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि स्मार्ट मीटर के जरिए आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
डंगनिया, डीडी नगर और आसपास के क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोगों से सीधे संवाद किया और स्मार्ट मीटर हटाने के लिए आवेदन भरवाए। कार्यकर्ताओं ने लोगों को स्मार्ट मीटर से जुड़े अपने विरोध और पार्टी की मांगों की जानकारी भी दी।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के माध्यम से आम जनता को परेशान कर रही है। उनका आरोप है कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने स्मार्ट मीटर और महंगी बिजली के मुद्दे पर जल्द समाधान नहीं निकाला, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में बड़ा जनआंदोलन करेगी।