रायगढ़ : चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवक गंभीर घायल, ज... - CG Sandesh

रायगढ़ : चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवक गंभीर घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। ट्रेन से कूदने के दौरान युवक प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 की है।

जानकारी के अनुसार, भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रक्शापाली निवासी ललित कुमार चौहान साउथ बिहार एक्सप्रेस से जांजगीर-चांपा से अपने घर लौट रहा था। परिजनों के मुताबिक, वह मजदूरी करने के लिए जांजगीर-चांपा गया था।

बताया जा रहा है कि ललित कुमार को यह जानकारी नहीं थी कि साउथ बिहार एक्सप्रेस भूपदेवपुर स्टेशन पर नहीं रुकती। ट्रेन जब बिना रुके स्टेशन पार कर गई तो वह घबरा गया। इसके बाद रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भी ट्रेन पूरी तरह नहीं रुकी थी। इसी दौरान उसने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह जीआरपी थाना से पहले प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे कैजुअल्टी वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। जीआरपी पुलिस ने घटना की सूचना युवक के परिजनों को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें