रायपुर : शराब पार्टी के बहाने बुलाया, दोस्त पर पेट्रोल डालकर लगाई आग; 7 दिन बाद युवक की मौत
रायपुर : राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में दोस्ती को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की सात दिनों तक जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद रविवार को मौत हो गई। आरोप है कि उसके ही परिचितों ने शराब पार्टी के बहाने उसे सुनसान मैदान में बुलाया और विवाद के बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, रामसागर पारा निवासी मोहम्मद शाकिब (22) को 12 जुलाई की शाम उसका परिचित सोनू शराब पार्टी का बहाना बनाकर घर से बुलाकर ले गया। इसके बाद उसे सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित एक खाली मैदान में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद अन्य युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
परिजनों के आरोप के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपियों ने शाकिब पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने लगातार उसका इलाज किया। करीब सात दिनों तक जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद समय रहते आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई। उनका दावा है कि आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, पुलिस ने मामले में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।