CG News : NEET पेपर लीक के विरोध में रायपुर में युवाओं का प्... - CG Sandesh

CG News : NEET पेपर लीक के विरोध में रायपुर में युवाओं का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

रायपुर : नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में भी युवाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। शिक्षाविद सोनम वांगचुक के समर्थन में बड़ी संख्या में युवाओं ने रैली निकालते हुए परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी की।

प्रदर्शन के दौरान युवा संविधान की प्रतियां, तख्तियां और बैनर लेकर अंबेडकर चौक से कचहरी चौक तक रैली निकालते हुए कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कलेक्टोरेट का घेराव करने का प्रयास किया। हालांकि मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग और भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते प्रदर्शनकारियों को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाए।

इस दौरान अंबेडकर चौक पर पांच युवा एक दिवसीय भूख हड़ताल पर भी बैठे। प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना है कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़ा नहीं है, बल्कि यह छात्रों के हित और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर चलाया जा रहा है।

रैली में बड़ी संख्या में युवा, छात्र, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर छात्र हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें